ऋषिकेश। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। मामले में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा के प्रदेश सह संयोजक एवं नमो एप के प्रदेश प्रमुख शेखर वर्मा ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया कि 16 नवंबर को फेसबुक उपयोगकर्ता संजू कोरंगा के अकाउंट से मुख्यमंत्री की एक तस्वीर पोस्ट की गई थी। आरोप है कि तस्वीर में मुख्यमंत्री को कथित रूप से मादक पदार्थ का सेवन करते हुए दिखाया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि AI के माध्यम से तैयार की गई इस कथित फर्जी तस्वीर को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने और आम लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर फर्जी तस्वीरें और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के लिए यह मामला एक गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।
- न्यूज़ देखो इंडिया |
ऋषिकेश




