पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की भेंट चढ़े, साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू, प्रभावित परिवारों के लिए राहत-बचाव कार्य जारी।

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के दूरस्थ पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। देखते ही देखते आग ने गांव के कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए। वहीं गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की भेंट चढ़ गए। इस अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 24 नवंबर को शाम करीब 4:49 बजे एक आवासीय भवन में अचानक आग लग गई। लकड़ी से बने मकान एक-दूसरे के नजदीक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इस दौरान कई रसोई गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने की सूचना भी सामने आई, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।

साढ़े चार घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान

आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों के साथ प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों ने कड़ी मशक्कत की। आखिरकार रात करीब 9:16 बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के प्रयास में ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।

58 परिवारों के सामने खड़ा हुआ संकट

इस अग्निकांड में 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। कई परिवारों के मकान और घरों में रखा सामान पूरी तरह जल गया। लोगों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुओं और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दिए राहत के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने, सुरक्षित आवास, भोजन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नुकसान का आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

पहाड़ के दूरस्थ गांव में हुई इस घटना ने एक बार फिर अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की चुनौतियों को सामने ला दिया है।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *