यमकेश्वर। डिजिटल इंडिया और हाईस्पीड इंटरनेट के दौर में भी यमकेश्वर तहसील के पंचूर गांव तथा आसपास के क्षेत्र के ग्रामीण मोबाइल नेटवर्क की कमजोर सुविधा से जूझ रहे हैं। नेटवर्क सिग्नल कमजोर होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दूरसंचार विभाग को पत्र भेजकर क्षेत्र में नेटवर्क सिग्नल मजबूत करने की मांग की है। जिलाधिकारी ने उप महानिदेशक दूरसंचार को पत्र लिखकर पंचूर एवं आसपास के क्षेत्रों में बेहतर संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई है।

आपदा के समय संपर्क करना भी चुनौती

क्षेत्र में कमजोर मोबाइल सिग्नल के चलते ग्रामीणों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने और ऑनलाइन कार्यों को पूरा करने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं, आपदा अथवा किसी आपातकालीन स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित करना भी चुनौतीपूर्ण बन सकता है। क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के बीच समन्वय बनाने में भी नेटवर्क की कमी बाधा उत्पन्न कर रही है।

जिलाधिकारी ने दूरसंचार विभाग से इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा है। साथ ही पंचूर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में 28 नवंबर तक नेटवर्क सिग्नल सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद

पहाड़ के दूरस्थ गांवों में मोबाइल नेटवर्क आज केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बैंकिंग और सरकारी सुविधाओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में पंचूर गांव के ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल के बाद संचार व्यवस्था बेहतर होगी और उन्हें लंबे समय से चली आ रही नेटवर्क समस्या से राहत मिलेगी।

अब देखना होगा कि दूरसंचार विभाग की कार्रवाई से पंचूर और आसपास के गांवों में नेटवर्क व्यवस्था कितनी बेहतर हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *