ऋषिकेश। वर्षों से वन भूमि पर बसे हजारों परिवारों की उम्मीदों को अब नई उड़ान मिली है। बापूग्राम समेत आसपास के प्रभावित क्षेत्रों के लिए उत्तराखंड सरकार ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीनोटिफाई (वन भूमि की श्रेणी से बाहर करने) का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों की भूमि को नियमित (रेगुलराइज) करने के लिए नीति तैयार करने की दिशा में भी कदम बढ़ा दिया गया है।
इस फैसले को बापूग्राम और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत की उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से भूमि संबंधी समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे स्थानीय लोगों में कैबिनेट के निर्णय के बाद खुशी का माहौल है।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का जोरदार स्वागत, स्थानीय लोगों ने जताया आभार
कैबिनेट के इस महत्वपूर्ण निर्णय से उत्साहित स्थानीय लोगों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। लोगों ने इस मुद्दे को लगातार सरकार के समक्ष उठाने और समाधान की दिशा में प्रयास करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से निवास कर रहे हजारों परिवारों की समस्या का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। इस संबंध में उन्होंने लगातार प्रयास किए और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से समय-समय पर मुलाकात कर प्रभावित परिवारों को राहत देने का आग्रह किया। साथ ही शासन के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी इस मामले को गंभीरता से उठाया।
कैबिनेट ने खोला रास्ता, अब केंद्र की मंजूरी का इंतजार
सरकार के फैसले के तहत प्रभावित क्षेत्रों को वन भूमि से डीनोटिफाई करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। वहीं, प्रभावित लोगों की भूमि नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई है।
इस फैसले के बाद अब हजारों परिवारों की निगाहें केंद्र सरकार की मंजूरी और प्रस्तावित नियमितीकरण नीति पर टिकी हैं। यदि आगे की प्रक्रिया भी अनुकूल रहती है तो वर्षों से भूमि संबंधी अनिश्चितता का सामना कर रहे परिवारों के लिए स्थायी समाधान का रास्ता खुल सकता है।
बापूग्राम के लिए यह फैसला सिर्फ सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और वर्षों पुरानी उम्मीदों से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




