स्वामी चिदानन्द सरस्वती बोले—धन, पद और प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि हृदय की पवित्रता और मानव सेवा ही जीवन की वास्तविक सफलता
ऋषिकेश, 27 नवम्बर। परमार्थ निकेतन के पावन आध्यात्मिक परिसर में सात दिनों तक चली श्रीमद् भागवत कथा का श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच दिव्य समापन हुआ। सात दिवसीय कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिकता की ज्ञानगंगा में डुबकी लगाई। समापन अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी एवं पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी का पावन सान्निध्य और प्रेरणादायी उद्बोधन श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। कथा व्यास श्री भावेश दादा जी ने अपने श्रीमुख से श्रीमद् भागवत के दिव्य प्रसंगों का वर्णन कर भक्तों को भावविभोर किया।
समापन समारोह में पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, प्रेम, करुणा, सदाचार और सेवा के मार्ग पर ले जाने वाला दिव्य दर्शन है। जीवन की वास्तविक सफलता धन-संपत्ति, पद अथवा प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि हृदय की पवित्रता, व्यवहार की मधुरता और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता में निहित है।
स्वामी जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म की स्थापना, निर्बलों की रक्षा, प्रेम की प्रतिष्ठा और कर्तव्य पालन का अनुपम संदेश देता है। आज के भौतिकतावादी दौर में भागवत का संदेश पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। मनुष्य को बाहरी विकास के साथ आंतरिक शांति, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना को भी अपने जीवन में स्थान देना होगा।
उन्होंने कहा कि जब जीवन में भक्ति आती है तो अहंकार समाप्त होता है, ज्ञान का प्रकाश अज्ञान के अंधकार को मिटाता है और सेवा का भाव जीवन को ईश्वर की आराधना बना देता है। भागवत हमें अपने भीतर करुणा, संवेदना और मानवता के भाव जागृत करने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर स्वामी जी ने जोगाणी परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आए और मानवता की सेवा का भाव मजबूत हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से भागवत के संदेशों को अपने आचरण में उतारने तथा सेवा को ही ईश्वर की सच्ची पूजा मानकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमद् भागवत हमें प्रेम, भक्ति और समर्पण का वास्तविक अर्थ समझाती है। ईश्वर प्रत्येक जीव में विद्यमान हैं। किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशी लाना और किसी दुखी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना भी भगवान की सच्ची आराधना है।
उन्होंने कहा कि कथा का समापन आध्यात्मिक यात्रा का अंत नहीं, बल्कि उसके दिव्य संदेशों को जीवन में अपनाने की शुरुआत है। परिवार और समाज में प्रेम का विस्तार, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा सभी जीवों के प्रति करुणा का भाव ही भागवत ज्ञान की वास्तविक सार्थकता है।
श्रीमती हर्षाबेन जोगाणी जी, श्री हेमन्तभाई जोगाणी जी एवं समस्त जोगाणी परिवार की ओर से इस सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया। पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी एवं पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी का सान्निध्य और आशीर्वाद पाकर जोगाणी परिवार भावविभोर नजर आया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
भागवत सप्ताह का समापन श्रद्धालुओं को यह संदेश दे गया कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और मानव सेवा के रूप में जीवन में दिखाई देनी चाहिए।




