देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने दिव्यांग छात्र-छात्राओं के हित में बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए पांच अंकों की छूट देने का आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश के कक्षा 9 से 12वीं तक अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा में न्यूनतम 28 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर उत्तीर्ण माना जाएगा।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था विद्यालयी शिक्षा के अंतर्गत कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों पर लागू होगी। निर्धारित उत्तीर्णांक हासिल करने में कठिनाई का सामना करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह निर्णय राहत भरा साबित होगा।
इन श्रेणियों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
शिक्षा सचिव ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह छूट बौद्धिक अक्षमता, मानसिक बीमारी, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, सेरेब्रल पाल्सी और विशेष अधिगम अक्षमता से प्रभावित विद्यार्थियों को मिलेगी। इसके लिए संबंधित विद्यार्थियों को अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
व्यावसायिक विषयों में नहीं बदलेगा नियम
शासन ने स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक शिक्षा के विषयों में उत्तीर्ण होने के निर्धारित मानकों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन विषयों में पहले से लागू व्यवस्था ही प्रभावी रहेगी।
विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत
सरकार के इस निर्णय से उन दिव्यांग विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें शारीरिक और मानसिक चुनौतियों के कारण निर्धारित उत्तीर्णांक हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पांच अंकों की छूट से उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।
सरकार के इस फैसले को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को अधिक समावेशी और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
