द्वितीय पुण्यतिथि पर शिक्षाविद एवं समाजसेवी को भावभीनी श्रद्धांजलि, नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा— मुनिकीरेती-ढालवाला की बेहतरी में उनका योगदान अविस्मरणीय
मुनिकीरेती। शिक्षाविद एवं समाजसेवी स्व. विद्याधर रतूड़ी की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने उनके सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान को याद करते हुए उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्व. रतूड़ी ने सेवानिवृत्ति के बाद भी मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र की सामाजिक और शैक्षिक बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। समाज को जागरूक करने की दिशा में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनकी स्मृतियों को संजोने और उनके कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए नगर पालिका की ओर से कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
ढालवाला स्थित चौहान वेडिंग प्वाइंट में गुरुवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी का शुभारंभ टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं स्व. रतूड़ी की धर्मपत्नी रेवती देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उपस्थित लोगों ने स्व. रतूड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में नीलम बिजल्वाण ने कहा कि स्व. विद्याधर रतूड़ी का जीवन शिक्षा, सामाजिक चेतना और जनसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उन्होंने शासकीय सेवा से निवृत्त होने के बाद भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। ऐसे व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके विचारों और कार्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
किशोर उपाध्याय ने भी दिया कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा
टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि शासकीय सेवा से निवृत्त होने के बाद राज्य की बेहतरी के लिए स्व. विद्याधर रतूड़ी द्वारा किए गए कार्य उल्लेखनीय हैं। उनके कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
सुबोध उनियाल बोले, उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए करेंगे पहल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्व. रतूड़ी के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में उनके स्तर से भी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने रतूड़ी परिवार के प्रयासों की सराहना की।
गुरुजी को याद कर भावुक हुए पूर्व छात्र
संगोष्ठी में स्व. रतूड़ी के पूर्व छात्रों ने उन्हें आदर्श गुरु और अभिभावक बताते हुए कहा कि आज वे जीवन में जिस मुकाम पर हैं, उसमें गुरुजी के मार्गदर्शन, संस्कार और आशीर्वाद का अहम योगदान है। वरिष्ठ पत्रकार राजीव नयन बहुगुणा, रमेश कुड़ियाल, पूर्व प्रधानाचार्य चंदन सिंह पोखरियाल एवं गणेश भट्ट ने उनके व्यक्तित्व, शिक्षण शैली और कुशल प्रशासक के रूप में किए गए कार्यों को याद किया।
वक्ताओं ने स्व. रतूड़ी के जीवन में उनकी धर्मपत्नी रेवती देवी के योगदान की भी सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन पंडित रमेश पैन्यूली ने किया।
इस मौके पर नगर निगम ऋषिकेश की पूर्व महापौर अनिता ममगाईं, संजय शास्त्री, कृष्ण कुमार सिंघल, सम्राट पंवार, पूर्व नौकरशाह एसएस पांगती, शिव प्रसाद चमोली, शिक्षाविद वंशीधर पोखरियाल, दिनेश सेमवाल, शूरवीर सिंह चौहान, संजय कुंडलिया, नागेंद्र पुरी, दीपक पैन्यूली, हरीश पैन्यूली, राजेंद्र चमोली, राजेश भट्ट सहित स्व. विद्याधर रतूड़ी के परिजन राजेंद्र रतूड़ी, संपूर्णानंद रतूड़ी, रविंद्र रतूड़ी, शैलेंद्र रतूड़ी, हेमलता रतूड़ी, अलका रतूड़ी, गीता रतूड़ी, मीरा रतूड़ी, सीमा रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
