उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील के अंतर्गत पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित गांव का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा सुनी।
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के नुकसान का विस्तृत और वास्तविक आकलन कर तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित और समुचित आवास उपलब्ध कराने के साथ ही आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में ग्रामीणों का छह माह का राशन भी जलकर नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को अगले छह माह तक राशन और अन्य दैनिक जरूरतों की तत्काल आपूर्ति की जाए, ताकि किसी परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक विद्यालय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित ग्रामीणों से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार राहत, पुनर्वास और गांव के दीर्घकालिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




