नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने स्वयंसेवियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ, गंगा सहित जल स्रोतों के संरक्षण का किया आह्वान
मुनिकीरेती। स्वच्छता केवल हमारी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और प्रगतिशील राष्ट्र की पहचान भी है। इसी संदेश के साथ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवियों ने मंगलवार को गंगा तट स्थित आस्था पथ पर स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
टिहरी जनपद के नौ ब्लॉकों से पहुंचे स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिभागियों ने ढालवाला स्थित शिविर स्थल लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल से जानकी सेतु आस्था पथ तक रैली निकाली। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती रैली में स्वयंसेवियों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए गंगा सहित सभी जल स्रोतों के संरक्षण और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
जानकी सेतु पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती के अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने स्वयंसेवियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले, तभी स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स के डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर बीएल यादव ने पांच दिवसीय तृतीय सोपान जांच शिविर की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवियों को अनुशासन, सेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण पोखरियाल ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका की टैक्स ऑफिसर अनुराधा गोयल, अजय रमोला, स्काउट्स एवं गाइड्स के अधिकारी बीपी यादव, केएल शाह, पीएस राणा, अंजु रानी शर्मा, अनुराखी बौद्ध, दिव्या नौटियाल, आरके रतूड़ी, दिनेश सिंह, सतीश कुमार, बीके उपाध्याय, भगवती प्रसाद रयाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




