ऋषिकेश/मुनि की रेती। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस हरिद्वार से जोशीमठ की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस नीचे गदेरे में जा समाई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
8 लोगों की दर्दनाक मौत, 25 घायल
हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। वहीं, हादसे में 25 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती ने दी रेस्क्यू की जानकारी
प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती के अनुसार, बस काफी मीटर नीचे खाई में गिरी है और उसमें लगभग 30 से 35 लोग सवार बताए जा रहे हैं। अधिकांश यात्रियों का रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भिजवा दिया गया है। शेष यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
पुलिस, एसडीआरएफ और 108 की टीमें मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही चौकी गूलर, शिवपुरी पुलिस चौकी, थाना मुनि की रेती की पुलिस टीम, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई। सभी टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें भी रेस्क्यू अभियान में सक्रिय हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त बचाव दल भी भेजे गए हैं।
आपदा कंट्रोल रूम से निगरानी कर रहे अपर जिलाधिकारी
हादसे के बाद प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी आपदा कंट्रोल रूम से पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और रेस्क्यू अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित टीमों के साथ समन्वय बनाया जा रहा है।
फिलहाल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। बस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद स्थिति की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
न्यूज़ देखो इंडिया | उत्तराखंड




