पद्मश्री प्रीतम भरतवाण के जागरों और लोकगीतों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या, अनिता ममगाईं संभालेंगी आयोजन की कमान

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में 20 नवंबर को लोकसंस्कृति और परंपराओं का भव्य संगम देखने को मिलेगा। आईडीपीएल टाउनशिप के मैदान में आयोजित होने वाले लोकपर्व इगास में भैलों की रोशनी, ढोल-दमाऊ की गूंज और गढ़वाल के वीर भड़ों की गौरवगाथाएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं, पहाड़ी पारंपरिक व्यंजनों के स्वाद के साथ लोग उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति का आनंद भी उठा सकेंगे।

नगर निगम ऋषिकेश की प्रथम महापौर श्रीमती अनिता ममगाईं कार्यक्रम की संयोजक हैं। सोमवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि इगास पर्व को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

अनिता ममगाईं ने कहा कि इगास केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोकआस्था और वीर परंपराओं का प्रतीक है। इस पर्व के साथ कई लोकमान्यताएं और ऐतिहासिक प्रसंग जुड़े हुए हैं। विशेष रूप से वीर माधो सिंह भंडारी की वीरता और गौरवगाथा का स्मरण इस पर्व को और भी विशिष्ट बनाता है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण होंगे, जिनकी जागर और लोकगीतों की प्रस्तुतियां लोगों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से रूबरू कराएंगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के उपरांत पारंपरिक रूप से भैला भी खेला जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को इस प्राचीन परंपरा को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकपरंपराओं को संरक्षित करना, नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना और लोकसंस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है। इगास के इस उत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, वीरगाथाएं और पारंपरिक खानपान मिलकर देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *