ऋषिकेश। विश्वभर में योग और अध्यात्म की राजधानी के रूप में पहचान रखने वाली ऋषिकेश नगरी की मूल पहचान, गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने की मुहिम अब जोर पकड़ने लगी है। ऋषिकेश की इस विशिष्ट पहचान को बचाने के लिए ऋषिकेश योग एलाइंस ने संत समाज का सहयोग जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में रविवार को योग एलाइंस के समस्त पदाधिकारियों ने जगन्नाथ आश्रम पहुंचकर पूज्य महंत स्वामी लोकेश दास जी महाराज से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान योग नगरी के वर्तमान स्वरूप, योग परंपरा के संरक्षण और आध्यात्मिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर एवं सार्थक मंथन हुआ।

ऋषिकेश की पहचान और मूल्यों को बचाने के लिए संत समाज का साथ जरूरी : विपिन बलूनी

बैठक में ऋषिकेश योग एलाइंस के अध्यक्ष विपिन प्रसाद बलूनी ने स्वामी लोकेश दास जी महाराज को एसोसिएशन की गतिविधियों और प्रयासों से अवगत कराते हुए कहा कि ऋषिकेश की वास्तविक पहचान केवल एक पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि योग, अध्यात्म, साधना और सनातन संस्कृति की वैश्विक धरोहर के रूप में है। इस पहचान और इसके मूल्यों को बचाए रखने के लिए एसोसिएशन निरंतर सार्थक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए संत समाज का आशीर्वाद, सहयोग और मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही ऋषिकेश की गौरवशाली पहचान को सुरक्षित रखा जा सकता है।

योग ऋषिकेश की पहचान, इसके संरक्षण में संत समाज भी निभाएगा अहम भूमिका : स्वामी लोकेश दास

इस पर पूज्य महंत स्वामी लोकेश दास जी महाराज ने अपने प्रवचन के माध्यम से योग एलाइंस के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि योग ऋषिकेश की पहचान है। इस पहचान और परंपरा को बचाए रखना केवल योग संस्थाओं की ही नहीं, बल्कि संत समाज की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट आश्वासन देते हुए कहा कि इस पुनीत कार्य में समस्त संत समाज योग एलाइंस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। ऋषिकेश की आध्यात्मिक गरिमा और योग की प्राचीन परंपरा को बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा।

14 दिसंबर को स्वच्छता अभियान, जनभागीदारी बढ़ाने की अपील

मुलाकात के दौरान आगामी 14 दिसंबर को ऋषिकेश योग एलाइंस की ओर से आयोजित होने वाले एक दिवसीय स्वच्छता अभियान को सफल बनाने पर भी विशेष चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने स्वामी जी से अभियान में सहयोग एवं मार्गदर्शन का आग्रह किया। एलाइंस का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ऋषिकेश की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक वातावरण और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ना है।

इस अवसर पर ऋषिकेश योग एलाइंस के अध्यक्ष विपिन प्रसाद बलूनी, सचिव संजीव सेमवाल, संरक्षक सुरेन्द्र सिंह, मोहन बधानी, अमित देशवाल, अमित राणा, समाजसेवी भुवनेश्वर प्रसाद, सिद्धार्थ, रोहित एवं राजेश तड़ियाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संत समाज के मिले समर्थन से योग एलाइंस की इस पहल को नई ऊर्जा मिली है। अब देखना होगा कि योग नगरी की मूल पहचान, आध्यात्मिक विरासत और स्वच्छता को लेकर शुरू हुई यह पहल किस तरह व्यापक जनआंदोलन का रूप लेती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *