मुनिकीरेती। ढालवाला क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित चीनी गोदाम रोड के पुनर्निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की सक्रिय पहल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रभावी पैरवी रंग लाई है। शासन की ओर से 12 नवंबर को सड़क पुनर्निर्माण का शासनादेश (जीओ) जारी कर दिया गया है। इससे लंबे समय से बदहाल सड़क से जूझ रहे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंजापुरी मेले के दौरान चीनी गोदाम रोड के पुनर्निर्माण की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से ही स्थानीय लोग सड़क के निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन लंबे समय तक इंतजार के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुनिकीरेती आगमन पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को उनके संज्ञान में लाते हुए सड़क के पुनर्निर्माण की पैरवी की। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर तेजी दिखाई गई। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका प्रशासन की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद 12 नवंबर को पुनर्निर्माण का शासनादेश जारी हो गया।
करीब आधा किलोमीटर लंबी चीनी गोदाम रोड लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्सों के चलते आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है। विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शासनादेश जारी होने से अब क्षेत्रवासियों को बदहाल सड़क से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष की पहल और मुख्यमंत्री के स्तर से हुई कार्रवाई पर खुशी जताते हुए जल्द पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराने की अपेक्षा की है।




