फरवरी में पहली मुख्य सुरंग होगी आर-पार, पहाड़ों में रेल कनेक्टिविटी का सपना साकार होने की ओर

ऋषिकेश। उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना निर्माण के क्षेत्र में लगातार नए मुकाम हासिल कर रही है। हिमालय की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण भूगर्भीय संरचनाओं के बीच परियोजना की 28 में से 22 सुरंगों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब परियोजना की पहली मुख्य सुरंग को फरवरी 2027 में आर-पार करने की तैयारी है। इससे परियोजना के निर्माण कार्य को एक और महत्वपूर्ण गति मिलने की उम्मीद है।

रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की ओर से परियोजना के निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ऋषिकेश के निकट ढालवाला से नीर गड्डू तक बन रही पहली सुरंग इस परियोजना के सबसे संवेदनशील हिस्सों में शामिल है। यहां भूगर्भीय दरारों और कठिन चट्टानी संरचना के कारण खुदाई का काम इंजीनियरों के लिए बड़ी चुनौती रहा है। इस सुरंग की निकास सुरंग सितंबर 2026 में आर-पार हो चुकी है। अब मुख्य सुरंग का करीब एक किलोमीटर हिस्सा शेष है, जिसे फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना की मुख्य और निकास सुरंगों की कुल लंबाई करीब 213 किलोमीटर है। इसमें से लगभग 175 किलोमीटर सुरंग की खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है। सुरंगों के निर्माण के साथ ही परियोजना के अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इसी वर्ष मई से रेल ट्रैक बिछाने का काम भी शुरू हो चुका है। सुरंगों के भीतर ट्रैक, सिग्नलिंग, विद्युत आपूर्ति और वेंटिलेशन जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जानी हैं।

दो चरणों में पहुंचेगी ट्रेन

125 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना को दो चरणों में संचालित करने की योजना है। पहले चरण में योगनगरी ऋषिकेश से ब्यासी तक लगभग 27 किलोमीटर रेलखंड पर जून 2028 तक ट्रेन संचालन का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे चरण में ब्यासी से कर्णप्रयाग तक लगभग 92 किलोमीटर रेलखंड पर दिसंबर 2029 तक ट्रेन पहुंचाने की तैयारी है।

12 नए स्टेशन और 19 पुल भी परियोजना का हिस्सा

परियोजना के तहत 12 नए रेलवे स्टेशन और 19 बड़े पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इस रेल लाइन पर यात्री ट्रेनें अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकेंगी, जबकि मालगाड़ियों की अधिकतम गति 65 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के पूरा होने से टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली सहित पर्वतीय क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। इससे चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई संभावनाएं मिलेंगी। पहाड़ों के बीच रेल यात्रा का वर्षों पुराना सपना अब धीरे-धीरे हकीकत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *