ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ होगी। छठ पर्व को लेकर श्रद्धालु तैयारियों में जुट गए हैं।
छठ पूजा का चार दिवसीय कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार इस प्रकार रहेगा—
- 13 नवंबर, शुक्रवार: नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ।
- 14 नवंबर, शनिवार: लोहंडा एवं खरना।
- 15 नवंबर, रविवार: संध्या अर्घ्य, जिसमें व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।
- 16 नवंबर, सोमवार: उषा अर्घ्य, उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण।
महापर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर को व्रती महिलाएं एवं पुरुष ऋषिकेश के विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगे।
छठ महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना का विशेष महत्व है। श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना के साथ यह कठिन व्रत रखते हैं।
गंगा तट पर छठ पूजा के आयोजन से तीर्थनगरी ऋषिकेश में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिलेगा।




