श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुनिकीरेती। छठ महापर्व को लेकर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने पूर्णानंद घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट तक पहुंचने वाले मार्गों, वाहनों की आवाजाही और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने जल पुलिस को घाट पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु बनाए रखने को कहा।
उन्होंने निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। साथ ही संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व के दौरान घाटों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर पालिका पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




