ऋषिकेश | न्यूज देखो इंडिया

ऋषिकेश में योग प्रतिभाओं का ऐसा संगम देखने को मिला, जहां उम्र नहीं, बल्कि साधना, संतुलन, लचीलापन और आत्मविश्वास प्रतिभागियों की पहचान बना। यूआईपीएस योगा अकैडमी की ओर से आयोजित चौथी ओपन स्टेट योगासन चैंपियनशिप में उत्तराखंड के विभिन्न योग संस्थानों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से पहुंचे 150 से अधिक प्रतिभागियों ने अपने शानदार योग कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
चौहान वोटिंग पॉइंट, 14 बीघा में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में योग की विभिन्न मुद्राओं, कठिन आसनों, शारीरिक संतुलन और अद्भुत लचीलेपन का नजारा देखने को मिला। प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक योगासन प्रस्तुत कर अपनी मेहनत, साधना और वर्षों के अभ्यास को मंच पर साकार किया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट एवं पूर्व जिला अध्यक्ष मदन रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अकैडमी के छात्र-छात्राओं ने योग आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
छह आयु वर्गों में हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा
प्रतियोगिता को प्रतिभागियों की आयु के अनुसार छह वर्गों में विभाजित किया गया। 12 से 15 वर्ष, 16 से 20 वर्ष, 21 से 25 वर्ष, 26 से 30 वर्ष, 30 से 35 वर्ष तथा 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

हर प्रतिभागी ने योगासन के माध्यम से अपनी शारीरिक क्षमता, एकाग्रता, अनुशासन और संतुलन का परिचय दिया। निर्णायक मंडल ने आसनों की शुद्धता, लचीलापन, संतुलन, प्रस्तुति एवं तकनीकी दक्षता के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
योग केवल आसन नहीं, स्वस्थ जीवन का आधार
आयोजकों ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं और बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ाना, नई प्रतिभाओं को मंच देना और उत्तराखंड की योग परंपरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
कार्यक्रम में रोशन रतूड़ी, योगेश राणा, राकेश पुरी, नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला के सभासद बृजेश गिरी, स्वामी पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, लक्ष्मण भंडारी, विनोद सकलानी, संजना सेमवाल एवं रीना उनियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के अध्यापक ममता शर्मा, महेश भट्ट, मीनाक्षी गैरोला, कोमल सुरियाल, दीपक पुनीठा, गौरी पैन्यूली एवं सूर्य प्रकाश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका पूजा राठी, विपिन गोलियान एवं गीता चंदोला ने निभाई, जबकि कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण पोखरियाल ने किया।
विजेताओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, अतिथियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार जताया और भविष्य में भी योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा नई प्रतिभाओं को मंच देने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

ऋषिकेश में आयोजित इस योगासन चैंपियनशिप ने एक बार फिर साबित कर दिया कि देवभूमि उत्तराखंड केवल आध्यात्मिक चेतना की भूमि ही नहीं, बल्कि योग और स्वस्थ जीवनशैली की प्रतिभाओं का भी मजबूत केंद्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *