बोलीं– पालिका ने काटा 20 हजार का चालान, अपनी जिम्मेदारी निभाने में नहीं बरती कोई लापरवाही; बेबुनियाद अफवाहों से संस्थाओं की छवि खराब करना गलत
मुनिकीरेती। गंगा तट पर शादी का शामियाना सजाए जाने को लेकर उठे विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने कड़ा रुख अपनाते हुए पालिका का पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने दोटूक कहा कि पालिका प्रशासन ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन किया। इसके बावजूद पालिका को निशाना बनाकर अफवाहें फैलाना और बेबुनियाद आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
रविवार को मीडिया से बातचीत में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि गंगा तट पर शादी का शामियाना लगाए जाने की जानकारी मिलते ही नगर पालिका की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संबंधित पक्ष के विरुद्ध अलग-अलग मदों में कुल 20 हजार रुपये का चालान किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में नियमानुसार यही कार्रवाई संभव थी। इसके अतिरिक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन को भी तत्काल अवगत कराया गया, जिसके बाद संबंधित स्तर पर भी कार्रवाई की गई।
पालिकाध्यक्ष ने आरोप लगाने वालों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास अनियमितता या लापरवाही से जुड़े ठोस साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने लाना चाहिए। केवल आरोप लगाना उचित नहीं है। यदि कोई मामला नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र से जुड़ा पाया जाता है तो उस पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि किसी के कहने या इशारों में आकर खबरों को प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें। किसी संस्था अथवा व्यक्ति की प्रतिष्ठा को बिना प्रमाण ठेस पहुंचाना पत्रकारिता के मूल्यों के अनुरूप नहीं है। आरोप लगाने वालों से सवाल पूछे जाने चाहिए और सच्चाई को सामने लाया जाना चाहिए।
नीलम बिजल्वाण ने कहा कि कुछ लोगों का उद्देश्य केवल नगर पालिका के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े प्रयासों में व्यवधान पैदा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में मिली हार की खुन्नस निकालने के लिए इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है। पूर्व में भी इसी तरह की अफवाहें फैलाने के प्रयास हुए थे, लेकिन बाद में वे निराधार साबित हुए।
पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट संदेश दिया कि नगर पालिका जनहित और नियमों के अनुसार कार्य कर रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन बिना साक्ष्य के लगाए जा रहे आरोपों और भ्रामक प्रचार को भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




