श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस का फैसला, डायवर्जन प्लान तैयार; जयराम चौक से चंद्रभागा पुल तक रहेगा विशेष ट्रैफिक नियंत्रण
ऋषिकेश। छठ महापर्व पर त्रिवेणी घाट में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत त्रिवेणी घाट रोड समेत पांच प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह नो-एंट्री दोपहर दो बजे के बाद लागू की जाएगी, जबकि आवश्यकतानुसार व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
पुलिस द्वारा जारी योजना के अनुसार त्रिवेणी घाट रोड, जयराम आश्रम रोड, मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र रोड, गोल मार्केट और लाजपत राय मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। पार्किंग के लिए बरसाती नदी, चंद्रभागा और जयराम चौक के पास टैक्सी स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। भारी वाहनों का प्रवेश मुख्य और संपर्क मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा।
जयराम चौक से चंद्रभागा पुल तक रहेगा विशेष डायवर्जन
यातायात को सुचारू रखने के लिए मुनिकीरेती और तपोवन जाने वाले वाहनों को रामानुज से हरिद्वार बाईपास मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। जबकि वापसी में इसी मार्ग से वाहन जाएंगे। मुख्य मार्ग पर जयराम चौक से चंद्रभागा पुल तिराहे के बीच भीड़ अधिक होने पर वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान बनाया गया है। हरिद्वार से आने वाले वाहनों को पुराने बस अड्डा मार्ग से रेलवे रोड होते हुए गौरा देवी चौक से मुनिकीरेती की ओर भेजा जाएगा। वहीं मुनिकीरेती से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को बस अड्डा रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात उपनिरीक्षक रिंकांत ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी छठ महापर्व पर शहर और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भारी संख्या में भीड़ घाटों पर पहुंचेगी। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं। छठ पूजा के दौरान पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रहेंगे।




