अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच समयबद्ध करने की मांग, स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने को कहा

देहरादून। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय बड़थ्वाल ने राजधानी देहरादून की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए सरकार से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा कर परिणाम सामने लाने की मांग भी उठाई।

जारी बयान में बड़थ्वाल ने कहा कि देहरादून की पहचान लंबे समय से शांत और सुरक्षित शहर के रूप में रही है, लेकिन हाल के दिनों में सामने आ रही घटनाएं आम लोगों के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने दिनदहाड़े अपहरण के प्रयास, चेन स्नेचिंग, वाहन चोरी और रोड रेज जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस को और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।

उन्होंने रोड रेज की घटना में पूर्व सैन्य अधिकारी की मौत का भी उल्लेख किया और कहा कि ऐसी घटनाएं कई सवाल खड़े करती हैं। बड़थ्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं और अब इन निर्देशों का प्रभाव जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

अंकिता प्रकरण की जांच जल्द पूरी करने की मांग

पूर्व मंत्री ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में चल रही सीबीआई जांच के परिणाम जल्द सामने आने चाहिए। उन्होंने जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि इससे अंकिता के परिजनों को न्याय मिलने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी मजबूत संदेश जाएगा। अंकिता मामले में सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग हाल के महीनों में अन्य संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से भी उठाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दिए सुझाव

बड़थ्वाल ने सरकार के सामने कई सुझाव रखते हुए नालापानी चौक प्रकरण में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के समय स्कूल-कॉलेजों, बस स्टॉप, पार्कों तथा वॉकिंग रूट पर पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई जानी चाहिए।

उन्होंने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित समीक्षा करने और बार-रेस्टोरेंट के निर्धारित संचालन समय का सख्ती से पालन कराने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने एमबीबीएस प्रवेश प्रकरण की भी समयबद्ध जांच किए जाने की बात कही।

बड़थ्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार और पुलिस इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि राजधानी में आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर प्रभावी निगरानी तथा त्वरित कार्रवाई जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *