मुनिकीरेती। नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को उनके समक्ष रखा।

मुलाकात के दौरान वार्ड संख्या 09, ढालवाला में प्रस्तावित एसटीपी प्लांट को लेकर स्थानीय लोगों की आपत्तियों और चिंताओं से मंत्री को अवगत कराया गया। अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने प्रस्तावित स्थल पर घनी आबादी, लाल बहादुर शास्त्री बेसिक स्कूल की निकटता, बरसाती चंद्रभागा जलप्रवाह तथा नदी की निकटता को देखते हुए एसटीपी निर्माण पर पुनर्विचार करने और जनहित में किसी अन्य उपयुक्त एवं सुरक्षित स्थल का चयन किए जाने का आग्रह किया।

इसके साथ ही वार्ड संख्या 11 स्थित चीनी गोदाम रोड के निर्माण से जुड़ी समस्या को भी मंत्री के समक्ष रखा गया। अध्यक्ष ने बताया कि संबंधित फाइल शासन स्तर पर लंबित है, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आवश्यक विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए दोनों मामलों में शीघ्र एवं जनहितकारी समाधान की मांग की।

इस अवसर पर वार्ड 10 के सभासद भाई विनोद सकलानी, श्रीमती शांति देवी नौटियाल तथा श्रीमती निधि पंवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *