उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तीन दिवसीय उत्तरकाशी दौरे के पहले दिन शुक्रवार को चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का निरीक्षण कर रनवे, टर्मिनल भवन और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए।
इसके बाद ग्राम मल्ली में ‘सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा’ के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनके स्वरोजगार और आजीविका प्रयासों की सराहना की। महिलाओं ने बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, डेयरी, सिलाई, मुर्गी पालन और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय की सुविधाओं का जायजा लिया और मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
