ऋषिकेश। ऋषिकेश पीजी कॉलेज छात्र संघ चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विजय संकल्प रैली के माध्यम से अपनी सक्रियता का प्रदर्शन किया। रैली में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भी प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
विजय संकल्प रैली का आगाज आशीर्वाद वाटिका से हुआ। यहां से रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए ऋषिकेश पीजी कॉलेज परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ ही अभाविप कार्यकर्ताओं, भाजपा पदाधिकारियों और छात्र नेताओं की मौजूदगी रही।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी किसी भी संगठन को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने छात्र हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर सकारात्मक प्रयास करने पर जोर दिया।
रैली के दौरान कॉलेज परिसर में छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। नारेबाजी और समर्थकों की मौजूदगी से माहौल चुनावी रंग में रंगा दिखाई दिया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, अभाविप कार्यकर्ताओं तथा कॉलेज के छात्र नेताओं समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
