खटीमा, 25 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में 15 कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नेस्ले इंडिया की ओर से सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए गए सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन भी शामिल हैं।

नेस्ले इंडिया ने धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा (फौजी मटकोटा), कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई के लिए एक-एक इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया है। कार्यक्रम के दौरान ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने में आधुनिक संसाधनों के साथ जनभागीदारी और कॉरपोरेट सेक्टर का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा सेल्फ-सस्टेनिंग मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने में मदद करेगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है।

373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टरों की कार्ययोजना

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर जिले की 373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टरों के माध्यम से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख स्थानीय बाजारों में नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण के लिए संबंधित नगर निकायों के साथ एमओयू भी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। इसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 134 ई-रिक्शा और 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली के अलावा सीएसआर एवं अन्य योजनाओं से उपलब्ध कराए गए वाहन शामिल हैं। विभिन्न विकासखंडों में जिला पंचायत की ओर से कॉम्पेक्टर का भी संचालन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली तथा नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *