ऋषिकेश। योगनगरी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दून एक्सप्रेस का एक कोच वॉशिंग के लिए ले जाते समय अचानक पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलवे महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि जिस कोच के साथ यह हादसा हुआ, वह पूरी तरह खाली था। कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, हावड़ा से चलकर दून एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पहुंची थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रेन के कोच को वॉशिंग के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान करीब 11 बजे अचानक एक कोच पटरी से उतर गया। घटना ने रेलवे की व्यवस्थाओं और तकनीकी सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए।
मौके पर पहुंची मैकेनिकल टीम, कोच को पटरी पर लाने की कवायद
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग की मैकेनिकल टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। बेपटरी हुए कोच को दोबारा पटरी पर लाने और तकनीकी खामी को दूर करने के प्रयास शुरू किए गए। रेलवे कर्मचारियों की प्राथमिकता कोच को सुरक्षित तरीके से पटरी पर लाने की रही।
रात 8:30 बजे हावड़ा के लिए रवाना होनी है ट्रेन
इस घटना ने रेलवे अधिकारियों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। दून एक्सप्रेस को बुधवार रात करीब 8:30 बजे योगनगरी ऋषिकेश से हावड़ा के लिए रवाना होना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रेलवे की तकनीकी टीम निर्धारित समय से पहले कोच को पटरी पर लाकर ट्रेन के संचालन की व्यवस्था दुरुस्त कर पाएगी?
फिलहाल रेलवे की मैकेनिकल टीम कोच को पटरी पर लाने और तकनीकी खामी दूर करने में जुटी है। हादसे का वास्तविक कारण और ट्रेन के निर्धारित समय पर रवाना होने की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।




