ओंकारानंद संस्थान में फ्रेशर्स एवं फेयरवेल पार्टी का आयोज

 

ओंकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के शिक्षा संकाय, शिक्षा विभाग में शनिवार को नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत एवं पास आउट विद्यार्थियों के विदाई समारोह के उपलक्ष्य में फ्रेशर्स एवं फेयरवेल पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधि-विधानपूर्वक किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक डॉ. विकास गैरोला रहे। संस्थान के प्राचार्य डॉ. संतोष डबराल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया।

 

इस अवसर पर निदेशक डॉ. विकास गैरोला ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों तथा विदाई ले रहे छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक ही मंच पर फ्रेशर्स और फेयरवेल कार्यक्रम का आयोजन अपने आप में एक सुखद संयोग है। उन्होंने विदाई ले रहे विद्यार्थियों से कहा कि वे संस्थान में अर्जित ज्ञान, संस्कार एवं अनुभवों को अपने जीवन में अपनाते हुए उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ें तथा अपने कार्यक्षेत्र में संस्थान का नाम रोशन करें। वहीं, उन्होंने नए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संस्थान उन्हें शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

 

प्राचार्य डॉ. संतोष डबराल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन सीखने, अनुभव प्राप्त करने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं, पास आउट विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि वे संस्थान से प्राप्त शिक्षा एवं संस्कारों को अपने व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत जीवन में उपयोग करते हुए सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त करें।

 

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही रैंप वॉक, पजल गेम, चेयर गेम, म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी, टैलेंट राउंड एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान मिस्टर फ्रेशर, मिस फ्रेशर, मिस्टर फेयरवेल एवं मिस फेयरवेल का चयन भी किया गया।

 

मिस्टर फ्रेशर – अनुज ध्यानी

मिस फ्रेशर – पलक ध्यानी

मिस्टर फेयरवेल – नवनीत पांडेय

मिस फेयरवेल – अंजली रावत

 

कार्यक्रम का सफल संचालन गरीमा एवं सुनिधि ने किया। उनकी प्रभावशाली मंच संचालन शैली ने कार्यक्रम को आकर्षक एवं जीवंत बनाए रखा।

 

इस अवसर पर डॉ. गंगोत्री रावत, विजयकांत, प्रियंका देशवाल, आयुषी थापा, नीतू मिश्रा, संगीता पांडे, प्रमोद उनियाल, प्रदीप पोखरियाल, अनिल रणकोटी, सनील रावत, अभिषेक, अजीत, सहित संस्थान के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ अपनी यादें साझा कीं और विदाई ले रहे विद्यार्थियों को भावभीनी शुभकामनाएं दीं। फ्रेशर्स एवं फेयरवेल पार्टी ने नए विद्यार्थियों के स्वागत के साथ-साथ पुराने विद्यार्थियों की संस्थान से जुड़ी यादों को भी विशेष बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *