ढालवाला (मुनि की रेती)। भारत स्काउट एवं गाइड, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला मुनि की रेती में आयोजित जनपद स्तरीय पांच दिवसीय तृतीय सोपान जांच शिविर का 19 नवंबर को भव्य समापन हुआ। 15 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक आयोजित इस शिविर का समापन नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिज्लवाण की अध्यक्षता में किया गया।
समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिज्लवाण ने शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए स्काउट-गाइड के माध्यम से सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला सचिव बी.पी. सिंह यादव ने जनपद स्तरीय जांच शिविर की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। शिविर में तृतीय सोपान उत्तीर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को आगामी राज्य पुरस्कार में प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया गया। जिलायुक्त आर.सी. रतूड़ी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह रावत, जिला प्रशिक्षणायुक्त के.एल. शाह, जिला प्रशिक्षणायुक्त गाइड अनिता उनियाल, जिला संगठनायुक्त गाइड अंजू रानी शर्मा, जिला संगठनायुक्त आदित्य नारायण सिंह, जिला सह संगठनायुक्त बालकृष्ण उपाध्याय, प्रेम सिंह राणा, जिला विकास समन्वयक रामकृष्ण पोखरियाल, भगवती प्रसाद रयाल, विनीता बहुगुणा, जयराम कुशवाहा, दाताराम पुर्वाल सहित विभिन्न विद्यालयों के कंटीजेंट लीडर एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय शिविर के सफल समापन के साथ ही प्रतिभागियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
