ऋषिकेश। साहसिक पर्यटन के शौकीनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी ऋषिकेश में 23 सितंबर से रिवर राफ्टिंग का संचालन फिर से शुरू होने जा रहा है। मानसून सीजन के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद की गई राफ्टिंग गतिविधियों के दोबारा शुरू होने से पर्यटन कारोबारियों और पर्यटकों में उत्साह का माहौल है।
राफ्टिंग अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 23 सितंबर से सभी निर्धारित रूटों पर राफ्टिंग का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और पर्यटकों को सुरक्षित एवं रोमांचक अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि राफ्टिंग शुरू होने से स्थानीय पर्यटन उद्योग को भी नई ऊर्जा मिलेगी। होटल, गेस्ट हाउस, ट्रैवल एजेंसियों, टैक्सी संचालकों और अन्य व्यवसायों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। हर वर्ष देश-विदेश से हजारों पर्यटक ऋषिकेश पहुंचकर गंगा की लहरों पर राफ्टिंग का रोमांच अनुभव करते हैं।
राफ्टिंग संचालन की घोषणा के बाद पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है। उम्मीद की जा रही है कि आगामी दिनों में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
धर्मेंद्र सिंह ने पर्यटकों से अपील की है कि वे राफ्टिंग के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें और अधिकृत संचालकों की सेवाएं ही लें।
