8 कुंतल फूलों से सजाया गया मंदिर, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया; अब छह माह मक्कूमठ में होंगे बाबा के दर्शन
News Dekho India | रुद्रप्रयाग
उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध पंचकेदारों में शामिल तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट शुक्रवार, 6 नवंबर को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की तुंगनाथ धाम की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया।
समुद्रतल से लगभग 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित तुंगनाथ मंदिर को कपाट बंद होने के अवसर पर करीब 8 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। सुबह से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। पुजारी वेदपाठी अभिषेक मैठाणी ने पूजा-अर्चना और पारंपरिक धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न कराईं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान हो उठा।
मक्कूमठ में छह माह तक होगी बाबा की पूजा-अर्चना
कपाट बंद होने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ के लिए रवाना हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली 6 नवंबर को चोपता में रात्रि विश्राम करेगी, जबकि 7 नवंबर को भनकुंड पहुंचेगी। इसके बाद 8 नवंबर को मक्कूमठ स्थित श्री मर्कटेश्वर मंदिर में बाबा तुंगनाथ विराजमान होंगे।
शीतकाल के अगले छह माह तक श्रद्धालु मक्कूमठ में ही भगवान तुंगनाथ के दर्शन कर सकेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है तुंगनाथ धाम
भगवान तुंगनाथ पंचकेदारों में तृतीय केदार के रूप में पूजित हैं। यह मंदिर विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थित शिव मंदिरों में प्रसिद्ध है। इस वर्ष पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1,97,424 श्रद्धालुओं ने तुंगनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन किए।
कपाट बंद होने के साथ ही अब बाबा तुंगनाथ की शीतकालीन पूजा मक्कूमठ में संपन्न होगी।
