650 रुपये प्रतिदिन मानदेय से नाराज जवानों का फूटा गुस्सा, सालभर रोजगार और 365 दिन ड्यूटी की मांग को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन

देहरादून। राजधानी देहरादून में पीआरडी जवानों का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर उतर आया। अपनी लंबित मांगों को लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों ने युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी जवानों ने निदेशालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को करीब चार घंटे तक कार्यालय के अंदर ही रहना पड़ा। हालात को देखते हुए प्रशासन ने कर्मचारियों को पीछे के रास्ते से बाहर निकाला।

650 रुपये मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल

प्रदर्शनकारी जवानों का कहना है कि उन्हें प्रतिदिन महज 650 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, साल में केवल छह महीने रोजगार मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जवानों ने सरकार से सालभर रोजगार उपलब्ध कराने और मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी करने की मांग उठाई।

300 दिन रोजगार का वादा, 365 दिन ड्यूटी की मांग

जवानों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021-22 में 300 दिन रोजगार देने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ। अप्रैल 2026 में 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की बात भी कही गई, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वादाखिलाफी से जवानों में भारी नाराजगी है।

मंत्री के आश्वासन के बाद भी आंदोलन जारी

मामले में युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने जवानों की मांगों पर अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मांगों का तकनीकी और वित्तीय परीक्षण कराया जाएगा। हालांकि जवान अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मांगों पर ठोस निर्णय चाहते हैं।

अब सवाल यह है कि प्रदेश की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं देने वाले पीआरडी जवानों को आखिर कब उनका हक मिलेगा? क्या सरकार उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर कोई ठोस फैसला लेगी या आंदोलन आगे भी जारी रहेगा?

NEWS DEKHO INDIA | उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *