कर्णप्रयाग (चमोली)। देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को महत्व देते हुए दो प्रशासनिक अधिकारियों ने सादगीपूर्ण तरीके से विवाह कर एक मिसाल पेश की है। चमोली जनपद के कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में एसडीएम अलकेश नौडियाल और एसडीएम याक्षी अरोड़ा विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए।

दोनों अधिकारियों ने भव्य आयोजन और दिखावे से दूर मंदिर के आध्यात्मिक वातावरण में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।

जानकारी के अनुसार, अलकेश नौडियाल वर्तमान में कर्णप्रयाग में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं, जबकि याक्षी अरोड़ा अल्मोड़ा जनपद के भिकियासैंण में एसडीएम के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

इस विवाह की खास बात यह रही कि दोनों ने अपने जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए किसी भव्य विवाह स्थल के बजाय मां उमा देवी मंदिर को चुना। धार्मिक परंपराओं और सादगी के साथ संपन्न हुए इस विवाह की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।

आज के दौर में जहां शादियों में भव्यता और दिखावे पर काफी खर्च किया जाता है, वहीं दोनों अधिकारियों का यह निर्णय सादगी, संस्कार और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।

कर्णप्रयाग स्थित मां उमा देवी मंदिर में संपन्न हुआ यह विवाह देवभूमि की धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति को भी विशेष पहचान दिला रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *