मुनिकीरेती। हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर प्रेस क्लब मुनिकीरेती के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिंदी दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों एवं कार्यक्रम में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदस्यों ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा नई पीढ़ी में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में कविता पाठ, भाषण, हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय बडोला, सचिव आशीष लखेड़ा, संरक्षक सूर्य चंद्र सिंह चौहान, सुदीप पंचभैया, भारत भूषण कुकरेती, धनी राम बिंजोला, नवीन चंद्र, गिरीश भट्ट एवं रमा बल्लभ भट्ट सहित क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
सदस्यों ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हिंदी दिवस के माध्यम से समाज में हिंदी के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों ने सहयोग का संकल्प लिया।
