बेंगलुरु में आयोजित सीएलसीई गेम्स में शानदार प्रदर्शन, 28 सितंबर को खिलाड़ियों और कोच को किया जाएगा सम्मानित

मुनि की रेती। बेंगलुरु के मार्शल करिअप्पा हॉकी स्टेडियम में 18 से 22 सितंबर तक आयोजित सीएलसीई गेम्स अंडर-19 हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि में टिहरी जनपद के चार होनहार खिलाड़ियों का भी अहम योगदान रहा। खिलाड़ियों की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता के लिए रिचर्ड वॉल के चार खिलाड़ियों श्रेयांश बिजल्वाण, सत्य रागड़, अध्यक्ष डोभाल और चैतन्य प्रजापति का उत्तराखंड की टीम में चयन हुआ था। चारों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अपने शानदार खेल, प्रतिभा और मेहनत से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी इस उपलब्धि से टिहरी जनपद के साथ ही मुनि की रेती क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है।

चारों खिलाड़ियों की सफलता पर नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं का खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना गौरव की बात है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धि अन्य युवाओं को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।

28 सितंबर को खिलाड़ियों और कोच का होगा सम्मान

चारों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ उनके कोच को भी 28 सितंबर 2026 को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धि को सराहते हुए उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा, ताकि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करते रहें।

टिहरी के इन चारों खिलाड़ियों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का दमखम रखती हैं। उनकी इस उपलब्धि से स्थानीय खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *