कोटद्वार। बेटी के जन्मदिन की खुशियां मनाने गुजरात गए तीन परिवारों की यात्रा उस वक्त दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब घर लौटते समय उनकी कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में कोटद्वार निवासी सात लोगों की मौत हो गई। एक ही हादसे में सात जिंदगियां खत्म होने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, तीन परिवार बेटी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के कच्छ स्थित रण क्षेत्र घूमने गए थे। शनिवार देर रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के समीप लौटते समय उनकी कार सामने से आ रहे टेलर ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सात लोगों की जान चली गई।
बताया गया कि सभी मृतक कोटद्वार क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे की खबर जैसे ही उनके परिजनों और परिचितों तक पहुंची, घरों में कोहराम मच गया। जिन परिवारों में कुछ दिन पहले बेटी के जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा है।
गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी के अनुसार, तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने गए थे। वापसी के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
एक जन्मदिन की खुशी, परिवारों की साथ बिताई यादें और घर लौटने की उम्मीद… लेकिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ पलभर में उजाड़ दिया। कोटद्वार के सात लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे दुख में डुबो दिया है।
