चौदह बीघा, मुनिकीरेती। माँ गंगा रामलीला समिति (रजि.), चौदह बीघा, मुनिकीरेती द्वारा आयोजित पंचम भव्य एवं दिव्य श्रीरामलीला मंचन के चतुर्थ दिवस पर प्रभु श्रीराम के राजतिलक की घोषणा, दशरथ-कैकयी संवाद, राम-लक्ष्मण संवाद एवं केवट लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों से रूबरू कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक श्री ओम गोपाल रावत, श्री नरेंद्र कैन्तुरा, श्री विनोद सकलानी, श्री दिनेश भट्ट तथा मान चंफुवा देवता उपासक मंतोष भिगवान एवं पुजारी संतोष भिगवान ने श्री गणेश वंदना के साथ किया। इस अवसर पर मान चंफुवा दिव्य दरबार, भट्टोवाला अखिलेश्वर कॉलोनी से जुड़े श्रद्धालुओं की भी उपस्थिति रही।
राजतिलक की घोषणा के बाद बदला घटनाक्रम
रामलीला के दौरान अयोध्या में प्रभु श्रीराम के राजतिलक की घोषणा से खुशी का माहौल छा जाता है। हालांकि, कैकयी द्वारा राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगने पर घटनाक्रम पूरी तरह बदल जाता है। पिता के वचन की मर्यादा बनाए रखने के लिए प्रभु श्रीराम सहर्ष चौदह वर्ष का वनवास स्वीकार कर लेते हैं।
इस प्रसंग के मंचन ने दर्शकों को वचनपालन, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया। वहीं, राम-लक्ष्मण संवाद के माध्यम से भाइयों के बीच अटूट प्रेम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। केवट लीला ने प्रभु श्रीराम की भक्तवत्सलता, प्रेम और समानता के भाव को उजागर किया।
समिति के पदाधिकारियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में माँ गंगा रामलीला समिति के अध्यक्ष श्री संदीप परमार, मुख्य सलाहकार श्री देवेंद्र दत्त जोशी, धर्माचार्य पंडित श्री दिनेश सेमल्टी, सलाहकार श्री मनोज मलासी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री मनीष उनियाल, उपाध्यक्ष श्री प्रदीप सकलानी, महासचिव श्री अनिल बडोनी, सचिव डॉ. मनीष भट्ट, कोषाध्यक्ष श्री जितेंद्र उनियाल, संगठन मंत्री श्री संजय पांजा तथा विधि सलाहकार श्री विकास उपाध्याय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसके अतिरिक्त श्री आयुष असवाल, श्री आशीष बिजलवान, श्री अर्पित रावत, श्री सोनू रावत, श्री धर्म सिंह नेगी, श्री नवीन भंडारी एवं मंत्री श्री गंगा रावत सहित समिति के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
माँ गंगा रामलीला समिति द्वारा आयोजित यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
— News Dekho India | संवाददाता, मुनिकीरेती
