हल्द्वानी। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
कैंची धाम के श्रद्धालुओं को होगा फायदा
बाईपास बनने से बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही नैनीताल, रानीखेत, अल्मोड़ा और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। पर्यटन सीजन और वीकेंड पर काठगोदाम क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर जाम की समस्या सामने आती है।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जोर
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के पहले चरण का करीब 15 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
बाईपास का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और यात्रियों का सफर सुगम होने की उम्मीद है।
