ऋषिकेश 6 मार्च 2026
होली के पावन पर्व एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक भव्य होली मिलन समारोह एवं महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमांशु बिजलवान तथा नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से समाज और देश को नई दिशा दे रही हैं। महिलाओं का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है और ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
होली मिलन समारोह के दौरान रंगों और खुशियों का अनूठा संगम देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण प्रसिद्ध गायिका रेशमा शाह रहीं, जिन्होंने अपने मधुर और मनमोहक गीतों से पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। उनके शानदार गायन ने उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने संगीत का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द का प्रतीक है, वहीं महिला दिवस हमें महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देता है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया और होली के पर्व की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
